अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
पुलिस की दो टीमों ने हत्या के अलग-अलग मामलों के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर भेज दिया। थाना प्रबंधक सदर बहादुरगढ़ निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि कृष्ण निवासी दुल्हेड़ा ने शिकायत देते हुए बताया था कि उसके दो लड़के हैं। बीती 16 जून की रात को उसका लड़का मनीष शराब पीकर घर आया और झगड़ा करने लगा। अजय को मारने की धमकी देते हुए बाइक लेकर वहां से चला गया। उसका छोटा लड़का प्लाट में सोया हुआ था। जिसे देखने के लिए प्लाट में गए तो मनीष ने उसके सिर में लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। उक्त मामले में आरोपी मनीष को गांव से ही काबू कर लिया है।
वहीं, दूसरे मामले के बारे में थाना सदर बहादुरगढ़ प्रबंधक ने बताया कि ओमप्रकाश निवासी गांव गोयला कलां ने शिकायत दी थी कि बीती 25 जून को उनके गांव में घरेलू कार्यक्रम चल रहा था। जिस कारण गली में काफी गाड़ियां खड़ी थी। जगह ना होने के कारण गली में खड़े सुनील उर्फ शास्त्री और संदीप को रास्ता देने के लिए कहा गया तो उन्होंने गालियां देनी शुरू कर दी। देखते ही देखते सुनील, संदीप और अन्य ने संजय को कई गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। संजय को बचाने के लिए जब वजीर और गजराज गए तो उनको भी कई गोलियां मारकर आरोपी मौके से भाग गए। संजय, वजीर तथा अन्य को जब इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टर ने संजय तथा वजीर को मृत घोषित कर दिया तथा गजराज को उपचार के लिए रोहतक रेफर कर दिया था। मामले में पुलिस ने एक आरोपी संदीप निवासी गांव गोयला कलां को गुप्त सूचना के आधार पर गांव जाखोदा से काबू किया है।
- एक मामला दुल्हेड़ा का तो दूसरा गांव गोयला कलां का