दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत
बाढड़ा।
गांव कारीदास के समीप शुक्रवार रात दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बाढड़ा निवासी दिनेश के रूप में हुई है। शनिवार सुबह पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने दूसरे बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बाढड़ा निवासी दिनेश शुक्रवार को किसी काम से कारी गया हुआ था। रात करीब दस बजे वह अपनी बाइक पर बाढड़ा लौट रहा था। कारीदास के समीप उसकी बाइक को एक अन्य बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दिनेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया। बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर दादरी के सिविल अस्पताल में रखवाया। शनिवार सुबह मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बाढड़ा थाना प्रभारी विकास ओल्हयाण ने बताया कि दूसरी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।