अमर उजाला ब्यूरो
बेरी/झज्जर
नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठने के मामले में पिछले तीन साल से फरार दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बेरी थाना एसएचओ तेलूराम ने बताया कि जिला झज्जर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत में बताया था कि अशोक निवासी गांव माजरा डी जिला झज्जर और दीपक उर्फ दीपू निवासी शोरा कोठी कॉलोनी रोहतक ने धोखाधड़ी करते हुए साजिश के तहत उसके लड़के को फौज में भर्ती करवाने का झांसा देकर छह लाख रुपए ले लिए। पीड़ित ने बताया कि उसने कर्ज लेकर रुपयों का बंदोबस्त किया। अशोक के कहे अनुसार पैसे व कागजात उसे दे दिए। उसने जिन बच्चों को नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे ले रखे थे, उन्हें वह ग्वालियर ले गया था लेकिन वहां पर कोई परीक्षा नहीं हुई। जब उन्होंने नौकरी के संबंध में पूछा तो वह बहाने बाजी करता रहा। उसका फोन भी बंद हो गया और उससे कोई संपर्क नहीं रहा जिस पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ जुलाई 2015 में थाना बेरी में धोखाधड़ी करके रुपए ऐंठने का मामला दर्ज किया गया था। कोर्ट द्वारा वांछित दोनों आरोपियों अशोक व दीपक को 17 मार्च 2016 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।
थाना बेरी की पुलिस टीम द्वारा मामले के वांछित दोनों आरोपियों को झज्जर से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों की पूछताछ में पहचान अशोक निवासी गांव माजरा डी जिला झज्जर तथा दीपक उर्फ दीपू निवासी शोरा कोठी कॉलोनी रोहतक के तौर पर की गई। दोनों आरोपियों को अदालत झज्जर में पेश किया गया जहां से दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।