महेंद्रगढ़ रोड पर मंगलवार सुबह एक गोवंश मृत अवस्था में मिला। गो भक्तों ने गोवंश की मौत का कारण गोली लगना बताया है। हालांकि मृत गोवंश का पोस्टमार्टम कराए बिना ही गो भक्तों ने मिट्टी दे दी। गो भक्तों का कहना है कि करीब एक माह पहले भी ऐसा ही एक और मामला सामने आया था। गो भक्त रिंपी फौगाट ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि महेंद्रगढ़ रोड पर पेट्रोल पंप के समीप एक सांड़ मृत पड़ा है। जब मृत गोवंश के शरीर की जांच की गई तो उसकी गर्दन व पैरों के बीच गोली का निशान मिला। रिंपी ने बताया कि इसके अलावा गोवंश के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं था। उन्होंने बताया कि गोवंश की हत्या गोली मारकर की गई है। बताया कि करीब एक माह पहले भी शहीद उद्यम सिंह अस्पताल के सामने खाली पड़े खेतों में गोवंश मृत मिला था और उसे भी गोली मारी गई थी। इसकी सूचना पुलिस को भी दी थी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा भी लिया था।