खाद-बीज खरीदने आए किसान के पचास हजार रुपये चोरी
झज्जर। शहर के सिलानी गेट क्षेत्र में एक बीज विक्रेता की दुकान पर खाद-बीज खरीदने आए व्यक्ति के थैले से दोपहर के समय पचास हजार रुपये निकाल लिये गए। जब व्यक्ति ने देखा तो उसका थैला गायब था। उसने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। लेकिन चोर उस समय तक घटना को अंजाम देकर वहां से निकल चुका था। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया और दुकान के साथ लगते बैंक के सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फुटेज में एक 12-13 साल बच्चा घटना का अंजाम देता दिखाई दे रहा है और वह दुकान से सिलानी गेट की तरफ जाता दिखाई दे रहा। लेकिन अभी तक बच्चे की पहचान और गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार असदपुर खेड़ा निवासी होशियार सिंह ने पंजाब नैशनल बैंक की शाखा से निकलवा कर लाया था। जब वह
सिलानी गेट क्षेत्र में एक बीज की दुकान में खाद-बीज की खरीद करने के लिए चढ़ा तो उसने रुपयों का थैला वहीं रख दिया। लेकिन जैसे ही उसकी नजर हटी वह थैला गायब हो चुका था। चोरी की घटना इतनी तेजी से हुई कि न तो होशियार सिंह और न ही वहां पर मौजूद लोगों को इस घटना का पता चला। जब होशियार सिंह को थैला वहां न होने का पता चला तो उसने वहां शोर भी मचाया। पुलिस ने घटना का पता लगाने के लिए घटना स्थल के कुछ ही दूरी पर स्थित बैंक की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है।