अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
हरियाणवी सिंगर और डांसर गौरी रानी और उसके मंगेतर सुमित को पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गौरी का मंगेतर 21 फरवरी की रात अपने जीजा परमेंद्र को गोली मारकर कार से फरार हो गया था। कार गौरी रानी की है और वारदात के वक्त वह भी कार में मौजूद थी। उसके मंगेतर को पुलिस ने साल्हावास क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। जबकि गौरी रानी ने वीरवार को सरेंडर किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया। जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
साल्हावास थाना एसएचओ संदीप ने बताया कि नया गांव निवासी आरोपी सुमित ने 21 फरवरी की रात एक्सट्रा मैरिटल अफेयर के संदेह में अपने जीजा परमेंद्र के पैर में गोली मारी थी। वारदात को सिंगर व डांसर गौरी रानी की कार के माध्यम से अंजाम दिया गया। इस दौरान गौरी रानी भी कार में मौजूद थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे। गोली लगने की सूचना मिली तो पुलिस ने पीड़ित को झज्जर के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया था। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद में परमेंद्र को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। जोकि फिलहाल पीजीआई में उपचाराधीन है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सिंगर और डांसर गौरी रानी ने वीरवार को कोर्ट के पास पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। वहीं, उसके मंगेतर सुमित को भी पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों को ही कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने वारदात में प्रयोग स्विफ्ट डिजायर कार और पिस्टल बरामद कर ली है।
पिछले एक साल में मिला है गौरी को फेम
हिसार के डाबड़ा गांव की रहने वाली गौरी रानी ने हरियाणवी गानों पर डांस करके पिछले एक साल में नाम कमाया है। छह जनवरी को एक म्यूजिक कंपनी ने गौरी रानी के डांस का एक वीडियो यू-ट्यूब पर डाला है, जिसे मात्र डेढ़ माह 19 लाख 96 हजार 336 व्यू मिल चुके हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है आरोपी गौरी रानी इस समय कितनी लोकप्रिय बन चुकी है।