अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
बिजली की लाइन पर काम करने के दौरान विभाग में ठेके पर काम करने वाले एक ठेकेदार के कारिंदे को करंट लग गया जिससे वह जमीन पर आ गिरा। इससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। स्थानीय नागरिक अस्पताल के चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर किया है।
जानकारी अनुसार झज्जर के बिजली विभाग में नरेन्द्र नामक एक ठेकेदार ने लाइन पर काम करने का ठेका लिया हुआ है। शनिवार को उसी ठेकेदार का मोनू निवासी चुलियाना जिला रोहतक नामक कारिंदा यहां भगत सिंह चौक पर बिजली की लाइन पर काम करने के लिए चढ़ा था। उसके साथ उसके कुछ साथी भी थे। बताया जाता है कि बिजली लाइन पर काम करने वाली इस टीम ने फीडर में बरसात के कारण बिजली की सप्लाई बंद करा रखी थी। लेकिन जब मोनू लाइन पर काम करने के लिए पोल पर चढ़ा तो उसे जोरदार करंट लगा। इससे मोनू न सिर्फ झुलस गया बल्कि नीचे जमीन पर भी आ गिरा। उसे तुरंत उपचार के लिए उसके साथी झज्जर के नागरिक अस्पताल लेकर आए। लेकिन स्थानीय चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक मोनू की हालत काफी गंभीर बनी हुई थी।
- गंभीर हालत में चिकित्सकों ने किया पीजीआई रेफर