अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार को सीएफ फ्लाइंग और गुप्तचार विभाग की टीम ने शहर में छापामारी अभियान चलाया। एक के बाद एक 15 से अधिक होटलों में दबिश देकर वहां का रिकार्ड खंगाला गया। होटलों में ठहरने वाले लोगों की जानकारी जुटाई गई। इसके अलावा मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बस अड्डा परिसर आदि में भी सर्च अभियान चलाकर लोगों पर पैनी नजर रखी गई।
सीएम फ्लाइंग और सीआईडी की संयुक्त टीम ने सुबह करीब दस बजे ही छापामार कार्रवाई शुरू कर दी। पीएसआई सुनील और दिनेश की अगुवाई में टीम ने फन टाउन, गैलेक्सी होटल, गजराज, प्लेटिनम, दीप होटल, आशियाना, ब्लू हेवन, सम्राट, रेड हट्स, तीज, रॉयल चॉइस, रॉयल होटल आदि होटलों में रिकार्ड खंगाला। यहां ठहरे हुए लोगों की आईडी चेक की गई, साथ ही यहां ठहरे बाहरी लोगों का रिकार्ड एकत्र किया गया। इन होटलों में कोई संदिग्ध तो नहीं मिला, मगर प्लेटिनम और गजराज में दो-दो विदेशी लोग ठहरे मिले। ये लोग कामकाज के सिलसिले में यहां आए हुए हैं। टीम में शामिल अधिकारियों ने होटल संचालकों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को न ठहरने देने की चेतावनी दी। टीम ने होटलों के अलावा अग्रसेन धर्मशाला, छोटूराम धर्मशाला और शहर की अन्य धर्मशालाओं में भी जांच अभियान चलाया।
होटल, धर्मशालाओं में जांच के उपरांत इस संयुक्त टीम ने शहर के बस अड्डा परिसर, रेलवे स्टेशन और तीनों मेट्रो स्टेशन परिसर में सर्च अभियान चलाया। लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। टीम में सीएफ फ्लाइंग से पीएसआई सुनील कुमार, जितेंद्र, गुप्तचर विभाग से दिनेश कुमार, रामकिशन, संदीप, सुलोखा, राजबीर और प्रह्लाद आदि शामिल थे। सीएम फ्लाइंग से पीएसआई सुनील कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर यह अभियान चलाया गया। आगे भी जांच जारी रहेगी।