लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग करके सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने वाला गिरफ्तार
एक रिवाल्वर, एक देशी पिस्तौल बरामद, पुलिस ने की लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
झज्जर पुलिस ने एक आरोपी को लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग करके दहशत फैलाने की नीयत से सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए फोटो के मामले काबू किया है। पुलिस द्वारा बरामद हथियार के लाइसेंस को रद्द करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
ऑपरेशन क्लीन के तहत झज्जर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर भी लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है । सोशल मीडिया पर हथियार के साथ की गई पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए सीआईए झज्जर की टीम ने सोशल मीडिया पर हथियार के साथ बदनीयती से फोटो पोस्ट करने वाले आरोपी को हथियार सहित काबू किया गया है।
सोशल मीडिया पर स्थानीय पुलिस को एक फोटो प्राप्त हुई जिसमें एक युवक अपने हाथ में हथियार लिए हुए था। इस पर सहायक उपनिरीक्षक जय भगवान के नेतृत्व में सीआईए झज्जर की टीम द्वारा गहनता से कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश निवासी गांव नूना माजरा जिला झज्जर को अवैध हथियार के साथ काबू किया गया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए थाना झज्जर में मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी राजेश ने बताया कि बरामद किया गया रिवाल्वर संदीप निवासी गांव नूना माजरा का है। जिसके पास बरामद रिवाल्वर का लाइसेंस भी है। आरोपी संदीप की शक की बिनाह तलाशी ली गई तो उसके के कब्जे से मौका पर एक अवैध देशी पिस्तौल भी बरामद हुआ। इस आरोप में उसके खिलाफ थाना झज्जर में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए उपरोक्त दोनों आरोपियों को अदालत झज्जर में पेश किया गया। जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया।