रोडवेज बस नहीं रूकने पर ग्रामीणों ने जताया विरोध
अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां
गांव सांवड़ बस स्टैंड पर मंगलवार सुबह चरखी दादरी से रोहतक जा रही रोडवेज की बस नहीं रोकने पर ग्रामीणों ने विरोध जताया। इस दौरान कुछ दूर चलकर चालक ने बस को वही खड़ा कर दिया। जहां पर ग्रामीणों ने बस चालक का गाड़ी से नीचे उतार लिया। इसके विरोध में चालक ने बस को सड़क के बीच खड़ा कर दिया। इससे सड़क यातायात बाधित हो गया। इस दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करवाया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह नौ बजे रोडवेज की बस चरखी दादरी से रोहतक जा रही थी। इस दौरान चालक ने गांव सांवड़ बस स्टैंड पर बस नहीं रोकी तो कुछ ग्रामीणों ने उसका पीछा कर बस से चालक को नीचे उतार लिया। इस दौरान चालक और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई और ग्रामीणों के विरोध के चलते चालक ने बस को वही खड़ा कर दिया। इससे सड़क पर जाम लग गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।
बौंद कलां थाना एसएचओ भीम सिंह ने बताया कि बस नहीं रोके जाने पर यह विवाद हुआ था। इस बारे में पुलिस के पास लिखित में कोई शिकायत नहीं आई है। एसएचओ ने बताया कि सड़क मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ था।