अमर उजाला ब्यूरो
बादली (झज्जर)।
दरियापुर गांव का एक परिवार लड़की के घर पर होली का शगुन देने गया था, इसका फायदा उठाकर चोर मकान के ताले तोड़कर हजारों की नकदी चोरी कर ले गए। मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रोहताश पुत्र कन्हैया और उसकी पत्नी 23 फरवरी को अपनी लड़की को होली का शगुन देने के लिए गए थे। 24 फरवरी की शाम पड़ोसियों ने रोहताश के मकान का ताला टूटा हुआ देखा तो रोहताश को फोन पर सूचना दी। इसके बाद रोहताश ने घर आकर देखा तो ताले टूटे हुए थे और कमरों में सामान भी बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार चोर अलमारी में रखे 70 हजार रुपये और कीमती सामान चोरी कर ले गए। पुलिस चौकी इंचार्ज श्रीभगवान के अनुसार मकान मालिक रोहताश की शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।