अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
रेलवे रोड स्थित एक एटीएम बूथ में धोखाधड़ी से एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर 83 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित दिल्ली से किसी काम के सिलसिले में बहादुरगढ़ आया था। उसकी शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मदनपुरा डबास (दिल्ली) का वासी चंद्रशेखर रविवार को किसी काम के सिलसिले में बहादुरगढ़ आया हुआ था। रुपये की जरूरत पड़ी तो वह दोपहर को रेलवे रोड स्थित पीएनबी के एटीएम बूथ पर गया। यहां जब रुपये निकाल रहा था तो कुछ युवक मौजूद थे। उसने एटीएम से 2500 रुपये निकाले और वापस चल दिया। चंद्रशेखर का आरोप है कि जब वह कैश निकाल रहा था तो वहां मौजूद एक युवक ने उसका कोड देख लिया और बातों ही बातों में उलझाकर उसका कार्ड बदल लिया। जिस बारे में उसे कुछ पता नहीं चला। कुछ देर बाद उसके फोन पर ट्रांजेक्शन के संदेश आए तो वह दंग रह गया। फिर उसने जेब से एटीएम कार्ड निकालकर देखा तो वह किसी अनजान व्यक्ति का था। तब उसे धोखाधड़ी का आभास हुआ। जब तक वह वापस एटीएम बूथ पर पहुंचा, उसके खाते से 83 हजार रुपये निकाले जा चुके थे।
उधर, शहर थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने कहा कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी की फुटेज की मदद से युवकों की पहचान की जाएंगी।