अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। सिटी थाना पुलिस ने मंगलवार शाम डमी ग्राहक बनकर शहर की दो अलग-अलग जगहों से दो सट्टा खाइवालों को काबू किया है। इनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। एक खाइवाल को खटीकान मोहल्ले से तो दूसरे को धानकान बस्ती से गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से पुलिस को 2200 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। दोनों के पर्ची थमाते ही पुलिस टीम ने इन्हें दबोच लिया।
सट्टा खाइवाल को पकड़ने का पहला मामला खटीकान मोहल्ले का है। यहां से पुलिस टीम ने भारत भूषण नामक खाइवाल को गिरफ्तार किया है। उसके पास डमी ग्राहक बनकर सिपाही संदीप साधे कपड़ों में पहुंचा और 44 नंबर लगाकर 50 का नोट थमा दिया। इसके तुरंत बाद इशारा पाकर पुलिस टीम वहां पहुंच गई और खाइवाल को काबू कर लिया। उसके पास से 1050 रुपये की नकदी बरामद हुई। मुख्य सिपाही सतबीर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ सिटी थाने में जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
वहीं, सट्टा खाइवाली की दूसरी सूचना मुख्य सिपाही राजकपूर की टीम को मिली थी। जब वे बधवाना गेट क्षेत्र में गश्त कर रहे थे तो उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि धानकान बस्ती में सतबीर उर्फ पाल सट्टा खाइवाली कर रहा है। इसके तुरंत बाद टीम में शामिल सिपाही ओमबीर को डमी ग्राहक बनाकर साधे कपड़ों में खाइवाल के पास भेजा गया। सिपाही ओमबीर ने 13 नंबर लगाकर 50 का नोट खाइवाल को थमाया और इसके तुरंत बाद टीम में शामिल अन्य पुलिस कर्मी वहां पहुंचे गए। आरोपी के पास से 1150 रुपये की नकदी पुलिस को बरामद हुई और उसके खिलाफ भी जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस की दो टीमें मंगलवार शाम गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सट्टा खाइवाली की सूचना मिली। दोनों टीमों ने दो सट्टा खाइवालों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। - दलबीर सिंह, सिटी थाना प्रभारी