अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गांव छपार निवासी एक महिला की दुकान में तीन युवकों ने रविवार सुबह जमकर उत्पात मचाया। पीड़िता का आरोप है कि उक्त युवकों ने दुकान में तोड़फोड़ की और उससे 3500 रुपये की नकदी लूट ली। पीड़िता ने घटना की सूचना महिला हेल्प लाइन नंबर पर दी और इसके कुछ देर बाद ही सदर थाना प्रभारी जगराम अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में महिला प्रमिला ने बताया कि वह छपार गांव में किरयाणा स्टोर चलाती है। रविवार सुबह करीब सवा नौ बजे वह दुकान पर बैठी हुई थी कि इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंच गए। दुकान संचालिका प्रमिला का आरोप है कि उक्त लोगों ने बिना पैसे दिए उससे सामान लेना चाहा तो उसने मना कर दिया। इसके बाद उक्त युवकों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और जब उसने इसका विरोध किया तो दुकान में तोड़फोड़ पर उतर आए। इसके बाद आरोपियों ने उससे 3500 रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। इसके तुरंत बाद प्रमिला ने मामले की शिकायत महिला हेल्प लाइन नंबर पर दी। वहां से मामले की जानकारी सदर थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद थाना प्रभारी जगराम सिंह अपनी टीम सहित छपार पहुंचे और घटनास्थल व हालातों का जायजा लिया। वहीं, पुलिस टीम से ग्रामीणों ने आरोपियों को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने की मांग की। इस पर थाना प्रभारी ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की फिलहाल जांच की जा रही है और निष्पक्ष कार्रवाई पुलिस अमल में लाएगी।
इंस्पेक्टर जगराम, सदर थाना प्रभारी