अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शहर के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित आयुर्वेदिक दवा निर्माता फैक्ट्रियों में शुक्रवार को सरकार के आयुर्वेद विभाग ने ताबड़तोड़ छापे मारे, जिससे पूरे दिन फैक्ट्रियों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों की छापामार टीम ने 22 फैक्ट्रियों से तैयार व कच्चे माल के 80 सैंपल लिए। इन्हें जांच के लिए भेजा गया है। विभाग के अनुसार जो नमूने फेल पाए जाएंगे, उन मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार जिला आयुर्वेदिक अधिकारी दलबीर राठी के नेतृत्व में आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग की एक टीम शुक्रवार को बहादुरगढ़ पहुंची। टीम ने यहां दवा निर्माता कंपनियों में औचक निरीक्षण शुरू किया और आयुर्वेदिक दवाइयों के सैंपल लेने शुरू कर दिए। टीम की ओर से दिनभर चली इस कार्रवाई के दौरान एक-एक कर 22 फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया गया और दवाइयों के 80 सैंपल लिए गए। इस दौरान 2-3 फैक्टरी बंद भी मिलीं।
गौरतलब है यहां की कई कंपनी दर्द निवारक तेल व गोलियां, सेक्स पावर बढ़ाने की दवा, बाल झड़ने से रोकने की दवा, सफेद दाग व पत्थरी की दवाओं समेत तमाम बीमारियों की दवाएं बनाती हैं। कुछ खास बीमारियों की दवाओं के कारगर न होने के सवाल उठते रहते हैं। ऐसे में आयुर्वेद विभाग की ओर से इस तरह की कार्रवाई की गई है।
---
सैंपल लिए गए हैं, जांच की जाएगी : राठी
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी दलबीर राठी ने बताया कि आयुर्वेदिक दवाएं बनाने वाली 22 फैक्ट्रियों से दवाइयों के करीब 80 सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। अगर सैंपल फेल पाए गए तो संबंधित दवा निर्माता कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई दवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए की गई है। पैसे के लिए लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
- 22 आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्रियों में छापे, 80 सैंपल लिए