अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
धोखाधड़ी कर हुडा के सेक्टरों में एक से ज्यादा प्लाट लेने के मामले में दो और एफआईआर दर्ज की गई हैं। रोहतक में ढाई दशक पहले प्लाट हासिल करने वाले दो लोगों ने झूठा शपथ पत्र देकर फिर से डिफेंस कैटेगरी में प्लाट हासिल कर लिया था। अब जांच में यह धोखाधड़ी सामने आने के बाद शहर थाना पुलिस ने हुडा के ईओ की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
शिकायत में हुडा के संपदा अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ के सेक्टर-6 निवासी कर्नल देवव्रत छिकारा ने बहादुरगढ़ के सेक्टर-2 में डिफेंस कैटेगरी से वर्ष 2006 में एक कनाल का प्लाट हासिल किया। जबकि इससे पहले उन्होंने रोहतक में वर्ष 1991 में प्लाट लिया था। कायदे से एक कैटेगरी में हुडा की संपदा में एक प्लाट ही लिया जा सकता है। दूसरे मामले में पुलिस ने नवनीत कुमार दहिया के खिलाफ भी ऐसा ही मामला दर्ज किया है। बताया गया है कि नई दिल्ली के पश्चिम विहार के रहने वाले नवनीत ने बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 में वर्ष 2000 में 14 मरला प्लाट डिफेंस कैटेगरी में लिया था जबकि इससे पहले उन्होंने रोहतक के सेक्टर में वर्ष 1991 में इसी कैटेगरी में प्लाट हासिल किया था।