फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीट-पीटकर व्यक्ति की हत्या, बाईपास किनारे फेंका शव

विज्ञापन
विज्ञापन
बहादुरगढ़। पंजाब निवासी एक व्यक्ति का शव बहादुरगढ़ में नेशनल हाईवे-9 (बाईपास) के किनारे खेतों में मिला है। पीट-पीटकर व्यक्ति की हत्या की गई है। पूरे शरीर में चोट के गहरे निशान हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। परिजनों के बयान पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हत्यारों व हत्या के कारणों का तो खुलासा नहीं हो सका है, मामला सट्टे से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, मंगलवार की सुबह जब कसार के किसान अपने खेतों की तरफ गए तो किसी की नजर व्यक्ति के शव पर पड़ी। देखते ही देखते काफी लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही डीएसपी अजायब सिंह, सेक्टर छह थाना प्रभारी मनोज कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मृतक के पास से पुलिस को एक मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान विनय (40) निवासी जीरकपुर पंजाब के रूप में हुई। पहचान हुई तो पुलिस शव को नागरिक अस्पताल ले गई। शव को डेड हाउस में रखवाने के बाद परिजनों को सूचना दी। देर शाम को पंजाब से परिजन बहादुरगढ़ पहुंचे और पुलिस को बयान दिए। मृतक एक बच्चे का पिता था।
विज्ञापन


हाथ और पांव भी टूटे
शव की हालत बेहद खराब थी। बेरहमी से पीट-पीटकर विनय की हत्या की गई। हाथ-पांव भी टूटे हुए थे। शरीर का कोई अंग ऐसा नहीं नजर आया, जहां चोट के निशान न हों। रात करीब साढ़े आठ बजे तक मृतक विनय के परिजन एवं रिश्तेदार सेक्टर छह थाने में मौजूद थे। मृतक के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया। अब बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। वहीं, मृतक क्या काम करता था, इस बारे में पुलिस स्पष्ट नहीं बता पा रही वहीं परिजन भी चुप्पी साधे हुए हैं। कुछेक लोग ये कह रहे थे कि शेयर मार्केट का काम करता था तो कोई सट्टा खेलने की बात कह रहा था। आशंका तो यही जताई जा रही है कि सट्टा ही विनय की मौत का कारण रहा।

सुनसान जगह पर फेंका शव
विनय का परिवार पंजाब में रहता था। दिल्ली के द्वारका में वह अकेला ही रह रहा था। बीच-बीच में वह अपने घर जाता था। बताते हैं कि सोमवार की दोपहर को विनय की अपनी पत्नी से फोन पर बात हुई थी। उसके बाद से परिवार से कोई संपर्क नहीं हुआ। मृतक के शरीर पर जो कपड़े हैं, उससे संभावना जताई जा रही है कि रात के समय उसे अगवा कर मौत के घाट उतारा गया और सुनसान क्षेत्र में शव को फेंक दिया गया। हत्या दिल्ली में की गई है या बहादुरगढ़ में और हत्यारे कौन थे, ये अभी सवाल बने हुए हैं।
विज्ञापन


सप्ताहभर पहले कुछ दूरी पर मिला था शव
मंगलवार की सुबह जिस स्थान पर विनय का शव मिला उससे कुछ ही दूरी पर गत 10 अप्रैल की सुबह एक अधजला शव मिला था। हत्या करने के बाद शव को खुर्दबुर्द करने के मकसद से जलाने का प्रयास किया गया था। मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, उसके हाथ पर वाईआर लिखा था। हत्या की वह गुत्थी अभी तक सुलझ नहीं पाई थी कि अब एक और शव मिल गया।
विज्ञापन


केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।
मनोज कुमार, एसएचओ, सेक्टर छह थाना।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें