बहादुरगढ़। गांव आसौदा स्थित एक पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो बदमाशों ने सेल्समैन से लूटपाट की। एक ने पिस्तौल तान दी तो दूसरे ने मारपीट कर 55 हजार रुपये जेब से निकाल लिए। महज चार मिनट में वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव आसौदा में खरखौदा रोड पर बालाजी फिलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप है। सोमवार की रात को यहां सोनीपत निवासी अशोक व नीलोठी निवासी अनिल ड्यूटी पर था। करीब सवा 9 बजे दोनों मैनेजर रूम में बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर दो युवक पेट्रोल पंप पर आए थे। चालक ने हेलमेट पहन रखा था तो पिछली सीट पर बैठे युवक ने मुंह पर रुमाल बांधा हुआ था। दोनों बदमाश मैनेजर रूम में घुसे। आते ही पैसे की डिमांड की। रुमाल बांधे बदमाश ने अनिल की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और दूसरे ने अशोक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद दोनों की जेब में रखी करीब 55 हजार रुपये की नकदी निकाली और बाइक से फरार हो गए। बदमाश अनिल का मोबाइल भी ले गए। इसके बाद इन कारिंदों ने पेट्रोल पंप के मालिक को सूचना दी। बदमाशों ने यह वारदात सिर्फ चार मिनट के भीतर अंजाम दी। पुलिस को सूचना मिली तो इलाके में घेराबंदी की गई, नाके भी लगाए गए लेकिन बदमाश भागने में कामयाब रहे।
पहले भी हुई वारदात
बीते पांच माह में बहादुरगढ़ क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर लूट की तीन वारदात हो चुकी हैं। नवंबर-2018 में झज्जर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर कारिंदों के साथ मारपीट कर 50 हजार रुपये लूटे गए थे। मार्च-2019 में भापड़ोदा स्थित पेट्रोल पंप पर गन प्वाइंट पर 37 हजार रुपये लूटे गए। अब यहां आसौदा में 55 हजार की लूट हो गई।
केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पेट्रोल पंप से सीसीटीवी फुटेज ली गई है। फुटेज के आधार पर बाइक का नंबर व बदमाशों के पहचान के प्रयास किए जाएंगे। जल्द ही इस मामले को सुलझाया जाएगा।
सत्यनारायण, जांच अधिकारी, आसौदा थाना।