अमर उजाला ब्यूरो
बेरी (झज्जर)।
गांव दुजाना में वीरवार को एक युवक द्वारा राष्ट्रीय पक्षी मोर को मारकर अपने घर लेकर आने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने मृत मोर को पकाने की जिम्मेवारी अपनी मां व बहन को सौंप दी। बाद में किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक के घर पर छापेमारी की तो युवक की बहन और मां चूल्हे पर मोर को पकाते रही थी। जबकि युवक पुलिस द्वारा छापेमारी करने की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया। मामले की संगीनता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की मां व उसकी बहन को काबू कर पूछताछ कर अदालत में पेश किया।
पुलिस के अनुसार गांव दुजाना निवासी राजकुमार नामक युवक द्वारा राष्ट्रीय पक्षी को मारने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस गांव में युवक के घर पहुंची तो वह फरार हो गया। लेकिन उसकी मां और बहन मरे हुए मोर को चूल्हे पर पका रही थी। जिन्हें मौके से काबू कर लिया। साथ ही पुलिस ने आरोपी को काबू करने के लिए कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। फिलहाल पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
उधर पुलिस ने इस मामले में पकड़ी युवक की बहन व मां के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें फरीदाबाद स्थित कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वर्जन
आरोपी राजकुमार, उसकी मां और बहन के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की मां और बहन को गिरफ्तार कर फरीदाबाद कोर्ट में पेश किया गया। जहां से इन दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल आरोपी राजकुमार फरार है। जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- पवनवीर, दुजाना चौकी इंचार्ज।
- आरोपी युवक फरार, पुलिस ने बहन और मां को किया गिरफ्तार