अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गोली लगने से घायल पैंतावास खुर्द निवासी सोमबीर ने गांव के ही एक युवक पर फायरिंग का आरोप लगाया है। सदर पुलिस ने उसके बयान पर पैंतावास खुर्द निवासी मीनू पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है लेकिन पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। घायल ने बताया कि आरोपी ने भिवानी निवासी उसके दोस्त पर भी फायरिंग की थी। इसके बाद ही रंजिशन उस पर फायर किया।
पुलिस को दिए बयान में सोमबीर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह अपने पिता राम अवतार के साथ बाइक पर सवार होकर खेत में जाने के लिए घर से चला था। घायल ने बताया कि बाइक वह चला रहा था। सवा पांच बजे जब वे खेत के समीप पहुंचे तो सामने से काले रंग की प्लसर पर सवार होकर दो युवक आए और उनकी डिस्कवर बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। सोमबीर ने बयान में बताया कि इसके बाद प्लसर पर पीछे बैठा गांव निवासी युवक मीनू नीचे उतरा। वह अपने दोनों हाथों में देसी कट्टे लिए हुआ था। उसने उक्त युवक से गोली नहीं चलाने की बात कही लेकिन उसने फायर कर दया। उसने बचाव के लिए अपने हाथों से सोमबीर के हाथों पर वार किया लेकिन इस दौरान गोली उसके हाथ को छूकर जांघ में जा लगी। इसके बाद पिता के साथ उसने चाचा के घर में छिपकर जान बचाई। वहीं, आरोपी अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। सोमबीर ने बताया कि विक्कू नामक उसका दोस्त भिवानी रहता है। आरोपी ने कुछ समय पहले उस पर भी फायरिंग की थी। सोमबीर का कहना है कि जान से मारने की मंशा से शुक्रवार शाम उस पर फायरिंग की गई लेकिन गनीमत रही कि वह बच गया। सदर पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपी मीनू और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।