अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। कोर्ट रोड पर वाहन की टक्कर से घायल बुजुर्ग ने पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सिटी थाना पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के बेटे के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी चालक के बारे में कोई जानकारी पुलिस को नहीं मिल पाई है।
पुलिस शिकायत में वार्ड- आठ निवासी मृतक के पुत्र विकास कुमार ने बताया कि गत 17 फरवरी को उसका पिता शीशपाल किसी काम से बाजार आया था। कोर्ट रोड पर किसी वाहन ने उसके पिता को टक्कर मार दी। घटना में उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। इसके बाद दो राहगीर युवकों ने उसके पिता को संभाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उसके पिता को पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। विकास ने बयान में बताया कि घटना के बाद उसे फोन के जरिए सूचना मिली और वह मौके पर पहुंचा। पुलिस ने विकास के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।