अमर उजाला ब्यूरो
बौंदकलां। चरखी दादरी रोहतक मुख्य सड़क मार्ग पर कलानौर जा रही महिंद्रा जीप संतुलन बिगड़ने के कारण पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। उसे राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआईएमएस रेफर किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चरखी दादरी सामान्य अस्पताल में भेज दिया है।
बुधवार दोपहर बाद दादरी- रोहतक मुख्य मार्ग पर महिंद्रा जीप कलानौर कलां की तरफ जा रही थी। गांव रणकोली के समीप वाहन चालक का संतुलन बिगड़नेे के कारण महिंद्रा जीप सड़क के किनारे कीकर के पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। गाड़ी में लोहे के पीपे भरे थे। गाड़ी सवार लोग कलानौर से रसगुल्ले लेने जा रहे थे। गाड़ी में सोनू मीणा नामक व्यक्ति का ड्राइविंग लाइसेंस मिला है। इसमें पते के रूप में कोटपुतली राजस्थान अंकित है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल चरखी दादरी भेज दिया है। गंभीर रूप से घायल को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।