सैयदराजा। धैरौली पुलिस चौकी अंतर्गत बुधवार की दोपहर एक महिला ने अपने चार साल के बेटे संग चंद्रप्रभा नदी के किनारे से कहीं जा रही थी। इस बीच प्रहलादपुर गाँव के समीप उसका पैर फिसल गया और मासूम संग चन्द्रप्रभा नदी में गिर पड़ी। वहां मौके पर मौजूद स्थानीय लोग और चरवाहों ने महिला को तो किसी तरह बचा लिया लेकिन उसका चार साल का बेटे की डूबने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला बेटे संग नदी में छलांग ली थी। लेकिन परिवार वालों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और पैर फिसलने से वह नदी में गिर पड़ी। मैढ़ी गांव के 30 वर्षीय अमित प्रजापति के साथ मंशा देबी (26) की शादी करीब सात वर्ष पूर्व हुई थी। अमित हरिद्वार में प्राइवेट नौकरी करता है। घर में वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहती थी। परिजनों के अनुसार मंशा मंदबुद्धि के चलते अक्सर घर से बाहर निकल जाया करती थी। बुधवार को भी दिन में बच्चे को लेकर घूमने निकल गई। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और नदी में चली गई। सूचना पर धरौली चौकी प्रभारी राणा सिंह पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों और चरवाहों की मदद से उसे बाहर निकलवाया। पूछताछ करने पर महिला ने बताया कि उसका चार साल बेटा भी नदी में डूब गया है। इस पर पुलिस ने किसी तरह बच्चे को बाहर निकाला। लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर उसके मायके भीषमपुर वन देवी से उसके भाई और ससुराल के लोग भी पहुंच गए। घरवालों का कहना था कि उसकी दिमागी हालत ठीक नहीं है। दोनों पक्षों से थाने मेें कोई तहरीर नहीं दी गई है।