पिकअप चालक ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, मौत
झज्जर। मंगलवार की रात को नेशनल हाइवे 71 ए पर गिजाड़ौद मोड़ के पास एक पिकअप गाड़ी चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक चालक की मौत हो गई। यहां से गुजर रहे एक राहगीर ने कंट्रोल रूम में फोन कर एंबुलेंस के लिए इसकी सूचना दी। जिस पर युवक को सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। पुलिस के अनुसार सिलाना गांव निवासी विकास पुत्र वेदप्रकाश अपनी बाइक पर सवार होकर किसी काम के लिए झज्जर आया था। जब वह काम निपटाकर अपने घर जा रहा था तो गिजाड़ौद मोड़ के पास एक पिकअप गाड़ी चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में जब उसे सामान्य अस्पताल लाया गया तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मौके मुआयना कर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है।
वर्जन
घटना रात करीब साढे़ दस बजे की है। रात के समय सामान्य अस्पताल से करीब डेढ़-दो बजे रुक्का आया था। उसी समय पुलिस सामान्य अस्पताल पहुंच गई थी। पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है।
- अशोक कुमार, जांच अधिकारी, पुलिस थाना सदर, झज्जर