फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीसीआर जाने के पांच मिनट बाद आए चार चोर, सात मिनट में गाड़ी से बांधकर एटीएम उखाड़ ले गए, मशीन में थे सवा छह लाख

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
बहादुरगढ़। शहर की बालोर चुंगी पर लगी इंडिकैश बैंक की ऑटोमेटेड टेलर मशीन (एटीएम) पर शुक्रवार की रात बदमाशों ने हाथ साफ कर दिया। गाड़ी से खींचकर मशीन उखाड़ी गई फिर उसे गाड़ी में डालकर बदमाश फरार हो गए। मशीन में छह लाख 29 हजार 800 रुपये थे। पुलिस पीसीआर गुजरने के पांच मिनट बाद चार बदमाशों ने लगभग सात मिनट बाद इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर एटीएम चोरों की तलाश शुरू कर दी है। बहादुरगढ़ क्षेत्र में बीते डेढ़ साल में इस तरह की 9 वारदातें हो चुकी हैं। हरेक वारदात के दौरान सिक्योरिटी गार्ड एटीएम बूथ में नदारद रहा है। पुलिस इनमें से एक भी वारदात नहीं सुलझा पाई है।

चौकी से चंद कदम दूर हुई वारदात
नजफगढ़ रोड स्थित बालोर चुंगी पर टाटा इंडिकैश बैंक का एटीएम बूथ है। रात को इस एटीएम का शटर डाउन था। इसी रात करीब सवा दो बजे खुली बोलेरो में सवार चार युवक यहां आए। इन युवकों ने रस्सी के जरिये एटीएम को गाड़ी से बांधा और फिर गाड़ी स्टार्ट करके उखाड़ दिया। मशीन उखड़ कर बाहर आई उसे गाड़ी में रखकर बालोर की ओर फरार हो गए। मशीन उखड़ने के बाद अलार्म बजा तो कंपनी के हेडक्वार्टर की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके में घेराबंदी कर चोरों को पकड़ने के लिए दौड़-भाग की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। खास बात ये कि सेक्टर-9 पुलिस चौकी से महज 200 मीटर दूरी पर ही चोर आसानी से वारदात अंजाम देकर निकल गए।
विज्ञापन


वारदात से दो दिन पहले डाले गए थे मशीन में 12 लाख
इंडीकैश का यह एटीएम पिछले कई दिनों तक खराब था। इसलिए अक्सर इसका शटर डाउन रहता था। अभी हाल ही में मशीन रिपेयर की गई थी और गत 12 दिसंबर को मशीन में 12 लाख रुपये डाले गए। 14 दिसंबर की रात तक मशीन में छह लाख 29 हजार 800 रुपये थे। इस राशि को चोर एटीएम समेत चुरा ले गए।

मिनटों में की वारदात...प्रोफेशनल थे बदमाश
जिस हिसाब से वारदात की गई है, उससे जाहिर है कि बदमाश नए नहीं थे बल्कि प्रोफेशनल थे। दरअसल, 2 बजकर दस मिनट पर पुलिस की एक गाड़ी (पीसीआर) एटीएम के बाहर से गुजरी। पीसीआर जाने के ठीक पांच मिनट बाद सवा दो बजे चोर आए। गाड़ी से उतरकर शटर खोला, भीतर जाते ही सीसीटीवी तोड़े फिर रस्से के जरिये मशीन गाड़ी से बांधी और उखाड़ दी। इस पूरी वारदात को अंजाम देने में चोरों ने सिर्फ सात मिनट का समय लिया। नजदीक स्थित एक स्कूल के कैमरे में चोरों की यह करतूत कैद हो गई है।

नहीं होते सिक्योरिटी गार्ड
क्षेत्र में पिछले डेढ़ साल में इस तरह की कुल 9 वारदात हो गई हैं। इनमें से छह बार तो मशीनें चोरी होने से बच गईं, लेकिन तीन वारदातों में बदमाश सफल रहे। खास बात ये कि अब तक हुई इन तमाम वारदातों में किसी भी एटीएम बूथ में सिक्योरिटी गार्ड नहीं मिले। बीती रात को जिस एटीएम में वारदात हुई, इसमें भी काफी समय से कोई सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं था।
विज्ञापन


क्षेत्र में अब तक हुईं ये 9 वारदात
14 दिसंबर 2018 की रात बालोर चुंगी स्थित इंडीकैश का एटीएम उखाड़ ले गए बदमाश, 629800 रुपये थे।
28 अगस्त 2018 की रात एमआईई क्षेत्र में एसबीआई का एटीएम मशीन तोड़कर रुपये निकालने का प्रयास
11 जनवरी 2018 को रोहतक-दिल्ली रोड पर इक्विटास का एटीएम उखाड़ते एक युवक पकड़ा
14 अक्तूबर 2017 दुल्हेड़ा में पीएनबी का एटीएम उखाड़ने का प्रयास, 16 लाख बचे
18 सितंबर 2017 दुल्हेड़ा में इंडिकैश बैंक का एटीएम उखाड़ ले गए, 46 हजार था कैश
22 अगस्त 2017 को नयागांव रोड पर स्कॉर्पियो गाड़ी से बांधकर इंडिकैश का एटीएम उखाड़ने का प्रयास
13 जुलाई 2017 को नजफगढ़ रोड पर एचडीएफसी का एटीएम उखाड़ने का प्रयास, 37 लाख बचे
वर्ष-2017 की शुरुआत में कानोन्दा में गुभाना में एक्सिस बैंक का एटीएम उखाड़ ले गए, 4 लाख थे रुपये
वर्ष-2017 में ही गुभाना में भी एटीएम उखाड़ने का प्रयास

जल्द सुलझाएंगे वारदात : सुरेश
टाटा इंडिकैश के कर्मचारी प्रवीण की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एटीएम के आसपास लगे एक सीसीटीवी में चोर दिखाई तो दिए, लेकिन दूर होने के कारण तस्वीर धुंधली है। बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार कर इस वारदात को सुलझा लिया जाएगा। बैंकों को भी अपने एटीएम में सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था करनी चाहिए।
सुरेश कुमार
-इंचार्ज, सेक्टर-9 चौकी पुलिस
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें