अमर उजाला ब्यूरो
बाढड़ा। गांव पंचगांव बस स्टैंड के पास मंगलवार देर रात उमरवास निवासी एक राज मिस्त्री की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। बुधवार सुबह परिजनों को उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही बाढड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चरखी दादरी के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर किया है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के चाचा विनोद ने बताया कि उसका भतीजा सुनील चिनाई मिस्त्री था। मंगलवार को वह किसी काम से बाढड़ा आया हुआ था। वहां से वाहन नहीं मिलने के कारण पैदल ही अपने गांव उमरवास आ रहा था। जब वह गांव पंचगांव के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे वह सड़क किनारे जा गिरा और उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि जब वह रात को घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश में निकले तो पंचगांव बस स्टैंड के पास उसका शव पड़ा मिला। इसके बाद पंचगांव सरपंच ने इसकी सूचना बाढड़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और शव का पोस्टमार्टम दादरी के सिविल अस्पताल में कराया। पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।