अमर उजाला ब्यूरो
बेरी (झज्जर)।
दुजाना मार्ग पर शेरिया मोड़ के पास ऑल्टो कार और ट्रॉले की टक्कर हो गई। दोनों वाहनों की टक्कर होने से कार चालक और ट्रॉले के क्लीनर की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद दुजाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवा जांच शुरू कर दी।
हादसे के दौरान दोनों वाहन सड़क के बीच आ जाने के कारण काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लग गई। दुजाना पुलिस ने वाहनों को साइड में करवाकर यातायात को सुचारु करवाया।
दुजाना पुलिस चौकी इंचार्ज योमेश ने बताया कि भिवानी जिले के गांव बापोड़ा निवासी मनोज आईआरबी की प्रथम बटालियन भौंडसी में तैनात था। जोकि शाम के करीब सवा सात बजे दुजाना के रास्ते बापोड़ा जा रहा था। जब वह दुजाना मार्ग पर शेरिया मोड़ के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे सीमेंट के ट्राले के साथ कार की टक्कर हो गई। हादसे में ऑल्टो कार चालक मनोज व ट्रॉले के क्लीनर यूपी निवासी सुलेमान पुत्र सुल्तान की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया और मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।