अवैध देशी शराब और बीयर समेत एक गिरफ्तार
चरखी दादरी।
मांढ़ी केहर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर एक युवक को अवैध शराब सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रावलधी निवासी अंकित के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुक्रवार सुबह आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता भूदेव जांगड़ा ने बताया कि बाढड़ा उपमंडल के गांव मंढ़ी केहर में अवैध शराब के कारोबार की पुलिस को सूचनाएं मिल रही थी। वीरवार को बाढड़ा थाने में तैनात प्रधान सिपाही मंजीत सिंह की अगुवाई में टीम का गठन कर मौके पर दबिश देने के लिए भेजा। इस दौरान पुलिस टीम ने शक के आधार पर एक युवक से पूछताछ की तो उसने अवैध शराब होने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 20 बोतल देशी शराब व 12 बोतल बीयर बरामद की है। आरोपी के खिलाफ बाढड़ा थाने में मामला दर्ज कर लिया है।