अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
बेरी के गांगटान गांव के निवासी एक व्यक्ति ने अपने ही परिवार के एक व्यक्ति पर फर्जीवाड़ा कर मकान के नाम पर 25 लाख रुपये लोन लेने का आरोप लगाया है। बैंक अधिकारियों पर भी सांठगांठ करने का आरोप है। इस संबंध में व्यक्ति ने बहादुरगढ़ पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांगटान निवासी प्रदीप कुमार का कहना है कि उनके दादा मुुंशीराम का बहादुरगढ़ के महावीर पार्क स्थित गली नंबर 3 में एक प्लॉट पर मकान बना हुआ है। गत 9 साल पहले उनके दादा का निधन हो गया था। हमारे ही परिवार के एक सदस्य (भाई) ने फर्जी तरीके से उक्त मकान पर लोन ले लिया। दरअसल, उक्त व्यक्ति ने वर्ष 2014 में किसी दादा मुंशीराम की जगह किसी दूसरे व्यक्ति को दिखाकर ब्लड रिलेशन डीड अपने व मेरे हक में बनवा ली। उक्त डीड में जिन दो नंबरदारों को गवाह बनाया गया, वह भी हमारे गांव के नहीं हैं। डीड पर मेरे भी झूठे हस्ताक्षर किए गए हैं। इस तरह बैंक अधिकारियों के साथ सांठगांठ कर उक्त व्यक्ति ने बैंक ऑफ इंडिया से 25 लाख रुपये का लोन ले लिया। उन्हें इस बात का पता तब चला जब 1 मई 2017 को उनके पास बैंक ने नोटिस भेजे। नोटिस में 60 दिन के भीतर लोन राशि चुकाने अथवा संपत्ति कुर्क किए जाने की हिदायत थी।
इस पर उन्होंने अधिकारियों से बात की और लोन संबंधी कागजात निकलवाए तो पता चला कि उक्त प्रॉपर्टी पर मुझे आधा मालिक और गारंटर दिखाया गया है जबकि असली रजिस्टरी में मकान अब भी दादा के नाम है। अहम बात ये कि दस्तावेजों में प्लॉट के नाम पर लोन लिया गया है, जबकि उक्त जमीन पर मकान बने 17 साल हो गए हैं। जिस व्यक्ति ने लोन लिया है, वह भी गायब है। इस संबंध में बैंक अधिकारियों से बात की तो उन्होंने कहा कि उक्त प्रॉपर्टी पर अब बैंक का कब्जा है। यदि प्रॉपर्टी चाहिए तो लोन चुकाया जाए। अब गत 12 जुलाई को फिर से अधिकारी मौके पर पहुंचे और मकान खाली करने के लिए कहने लगे। इसके बाद उसने और पिता सतबीर ने बहादुरगढ़ शहर थाने में शिकायत दे दी। इस संबंध में मंजीत, बैंक मैनेजर अनिल व कैशियर हुकम पर आरोप लगाया गया है।
अधिकारी की सफाई
इस बारे में जब अधिकारी अनिल गैरा से बात की तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उनका ट्रांसफर हो गया है। रही बात लोन की तो तमाम दस्तावेजों और वेरिफिकेशन के बाद ही लोन पास हुआ था। जांच के बाद सब साफ हो जाएगा।
-
वर्जन
शहर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि व्यक्ति की शिकायत ले ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी सच्चाई सामने आती है, उस आधार पर कार्यवाही की जाएगी।