अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे स्टेशन परिसर पर वीरवार देर शाम पांच बच्चों को देखकर पुलिस ने उनसे पूछताछ की। पूछताछ में पांचों बच्चो दिल्ली के नांगलोई क्षेत्र निवासी मिले।
जीआरपी प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया कि वीरवार की दोपहर नांगलोई (दिल्ली) के निहाल विहार क्षेत्र के पांच बच्चे घर पर खेलने की बात कह कर निकल गए। मगर वापस नहीं लौटे। उक्त सभी बच्चे वहां से रेल में बैठकर बहादुरगढ़ पहुंच गए। काफी देर बाद बच्चे अपने घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
बहादुरगढ़ स्टेशन स्थित प्लेटफार्म पर गश्त कर रहे राजकीय रेलवे पुलिस के कर्मियों की नजर इन बच्चों पर पड़ी तो उनसे पूछताछ की तो वे कुछ नहीं बता पाए।
काफी देर बाद बच्चों ने अपनी पहचान दिल्ली के नांगलोई क्षेत्र निवासी विकास (12), मित्थुन (13), अमित (12), मोहित (13), सुधांशु (12) के तौर पर की। बच्चों ने कहा कि वे घूमते-फिरते ही यहां तक आ गए। पुलिस ने बच्चों से उनके परिजनों का फोन नंबर लेकर संपर्क किया और उन्हें थाने में बुलाया। इसके बाद पुलिस उक्त तमाम बच्चों को झज्जर स्थित चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ले गई। वहां काउंसलिंग कराने के बाद शुक्रवार शाम को बच्चे परिजनों को सौंप दिए गए।
बुधवार को भी मिले थे 2 बच्चे
जीआरपी प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया कि बुधवार को भी स्टेशन पर लाइनपार क्षेत्र निवासी दो बच्चे रक्षित (10) व मोहित (8) घूमते मिले थे। ये बच्चे भी अपने घर से निकले हुए थे। कई घंटों की मशक्कत के बाद इन बच्चों को परिजनों से मिलाया था।
दो साल पहले हुई थी बच्चे की मौत
करीब दो वर्ष पहले दिल्ली का एक बच्चा भी इसी तरह बहादुरगढ़ स्टेशन पर आ गया था और माल गाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इस दौरान बच्चा ऊपर से गुजर रही बिजली की तार की चपेट में आ गया था। करंट लगने के कारण उसकी मौत हो गई थी।