निर्माणाधीन वाल्मीकि चौक तोड़ने से समाज में रोष
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
चिड़िया मोड़ के समीप नवनिर्माणाधीन वाल्मीकि चौक को तोड़ने से समाज में रोष बना हुआ है। लोगों ने नाराजगी प्रकट कर सिटी थाना पुलिस को शिकायत दी है। मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं करने पर कड़े कदम उठाने की चेतावनी भी दी है। सिटी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिटी पुलिस थाने पहुंचे वार्ड पार्षद विनोद वाल्मीकि ने बताया कि चिड़िया मोड़ के समीप नगर परिषद वाल्मीकि चौक का निर्माण करवा रही है। 23 दिसंबर को चेयरमैन संजय छपारिया ने इस चौक की नींव रखी थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात अज्ञात ने नव निर्माणाधीन चौक तोड़ दिया। पार्षदों का आरोप है कि चौक के समीप ही पुलिस नाका भी है लेकिन इसके बावजूद इस तरह की वारदात को अंजाम देकर आरोपी बड़ी आसानी से फरार हो गया। वाल्मीकि समाज प्रधान विजय कुमार और सचिव सुंदर कुमार ने इस संबंध में सिटी थाना पुलिस को शिकायत सौंपी है। पार्षद विनोद ने बताया कि चौक के निर्माण पर करीब चार लाख रुपये खर्चा आना है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सिटी पुलिस थाना प्रभारी से भी मुलाकात कर आरोपी का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग समाज के लोगों ने की है।