ट्रक चालक का अपहरण कर बनाया बंधक
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गांव तिवाला निवासी एक ट्रक चालक ने तीन लोगों पर अपहरण कर बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया है। अस्पताल में उपचाराधीन ने इनमें से एक आरोपी पर एक सप्ताह तक कुकर्म करने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में सदर थाना पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं पहुंची है।
गांव तिवाला निवासी ट्रक चालक ने बताया कि वह पेशे से ट्रक चालक है। पांच जनवरी को उसका तीन लोगों ने अपहरण कर लिया। पीड़ित ने बताया कि उक्त लोग उसे दुल्हेड़ा के समीप स्थित सरल गांव में ले गए। वहां उक्त लोगों ने उसे खेतों में बने एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। पीड़ित का आरोप है कि उनमें से एक आरोपी ने शराब के नशे में धुत होकर उसके साथ कुकर्म भी किया। चालक ने बताया कि शुक्रवार रात वह जैसे-तैसे उनके चुंगल से निकलकर भाग आया और मामले की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस ने अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित के बयान दर्ज नहीं किए हैं। इस संबंध में पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने बताया कि पुलिस के पास अस्पताल से अभी कोई सूचना नहीं आई है। अगर ऐसे किसी मामले की सूचना पुलिस को मिलती है तो तुरंत पीड़ित के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।