फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शरारती तत्वों के निशाने पर राम रहीम का नाम चर्चा घर, अब आग लगी

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

बहादुरगढ़।
गांव मेहंदीपुर डाबोदा स्थित डेरा सच्चा सौदा के नाम चर्चा घर को शरारती तत्व लगातार निशाना बना रहे हैं। करीब 20 दिन पहले चोरी के बाद दिवाली की रात इस चर्चा घर के दो कमरों में आग लग गई। काफी सामान जल गया। डेरे के सेवादारों ने अज्ञात लोगों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाके के डेरा प्रेमियों ने कुछ वर्ष पहले गांव मेहंदीपुर डाबोदा में नाम चर्चा घर बनाया था, लेकिन राम-रहीम के जेल जाने के बाद से यहां भजन-कीर्तन संबंधी तमाम गतिविधियां बंद हो गई हैं। देखभाल के लिए एकाध बार सेवादार आ जाते हैं। एक चौकीदार भी लगाया है। दिवाली की रात को भी यहां सेवादार आए। पूजा-अर्चना के बाद वे चले गए। अगले दिन शाम को चौकीदार जयपाल आया तो चर्चा घर के दो कमरों में आग लगी थी। आग लगने से एक कमरे में रखी धार्मिक किताबें, पुराने कपड़े, करों के दरवाजे जल चुके थे। इस पर उसने सेवादार प्रेम काठपालिया को सूचित किया। प्रेम काठपालिया ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
विज्ञापन

जानबूझ कर लगाई आग : सेवादार
दिवाली की रात को यहां लगाए गए दीयों को आग का कारण बताया जा रहा है, लेकिन सेवादारों ने शरारती तत्वों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। प्रेम काठपालिया ने बताया कि वह दिवाली की शाम को नाम चर्चा घर गए थे। तब तक सबकुछ सही था। 20 अक्तूबर की शाम को चौकीदार आया तो कमरों में सामान जला हुआ मिला। यह आग दीयों या पटाखों से तो नहीं लग सकती। क्योंकि एक कमरे का तो दरवाजा तोड़ा गया है। खास बात ये कि जिन दो कमरों में आग लगी है, वे एक-दूसरे से काफी दूर हैं। जरूर किसी ने जानबूझ कर आग लगाई है। प्रेम ने बताया कि करीब 20 दिन पहले जब चोरी हुई थी तो एक अलमारी का सामान बिखेर दिया गया था। उस सामान में भी आग लगाई गई है।
राम रहीम की पोशाक चुरा ले गए थे चोर
गत 30 सितंबर की रात को भी शरारती तत्वों ने डेरे के इस चर्चा घर को निशाना बनाया था। चोर यहां से राम रहीम की पोशाक चुरा ले गए थे। इसके अलावा कंप्यूटर, इन्वर्टर, कैमरे, बैटरी, एंप्लीफायर, दीवार शेड, गद्दे सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो गया था। चोरी के आरोपी अभी तक पकड़े नहीं जा सके थे कि चर्चाघर में अब एक और घटना हो गई। सेवादारों का कहना है कि जानबूझकर साजिश के तहत केंद्र को निशाना बनाया जा रहा है। पुलिस भी मामले को हलके में ले रही है। पहले किसी ने चोरी कर ली, अब आग लगा दी। पुलिस जल्द दोनों मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार करे।
विज्ञापन

जांच की जा रही : एसएचओ
उधर, सदर थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने कहा कि दरवाजों के पास दीये जलाए गए थे, हो सकता है उन्हीं की वजह से आग लगी हो, लेकिन फिर भी सेवारदारों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास क्षेत्र में पैनी नजर रखी जा रही है। जल्द इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।


- शरारती तत्वों ने दो कमरों में लगाई आग, सामान और दरवाजे जले
- सेवादारों ने लगाया अज्ञात लोगों पर आग लगाने का आरोप
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें