फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेढ़ साल की बेटी का गला घोंटकर पिता ने कर दी हत्या, दफनाया

विज्ञापन
विज्ञापन
झज्जर। सुलोधा गांव में एक पिता ने मंगलवार को अपनी डेढ़ साल की बेटी की हत्या करने के बाद परिजनों के साथ मिलकर उसे गांव की श्मशान भूमि में दफना दिया। बुधवार को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को निकलवाया गया तथा पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस में रखवा दिया गया है। जहां वीरवार को पोस्टमार्टम होगा, जिसमें मौत की वजह साफ हो पाएगी। वहीं मृतका की मां लक्ष्मी की शिकायत पर बच्ची के पिता सहित पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झज्जर के गांव सुलोधा में नरवीर नामक युवक अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी व डेढ़ साल की मासूम के साथ अपने परिवार से अलग रहता था। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अनबन भी रहती थी। आरोप है कि मंगलवार को जब लक्ष्मी अपने मकान से कुछ ही दूरी पर स्थित खाली प्लॉट में किसी काम से गई हुई थी तो उसी दौरान नरवीर ने अपनी डेढ़ साल की मासूम बेटी का गला घोंट दिया। बाद में जब लक्ष्मी घर पहुंची तो पति ने मासूम की मौत कूलर का तार उसके स्वयं गले में लपेट दिए जाने की वजह से होना बताया। हालांकि लक्ष्मी ने उस दौरान विरोध भी जताया, लेकिन लक्ष्मी के विरोध के बावजूद नरवीर ने अपने परिजनों के साथ मिलकर मासूम बेटी के शव को गांव के ही श्मशान घाट में रात्रि के समय ही दफना दिया। देर रात ही लक्ष्मी ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर हरकत में आया प्रशासन
लक्ष्मी की सूचना पर बुधवार को पुलिस प्रशासन हरकत में आया और शव को जमीन से बाहर निकलवाने व मामले की सच्चाई का पता लगाने के लिए स्थानीय तहसीलदार ईश्वर को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया। बुधवार की शाम करीब चार बजे झज्जर पुलिस के जांच अधिकारी रवींद्र, एफएसएल टीम, डॉक्टर नरवाला व पुलिस बल को लेकर गांव सुलोधा पहुंचे। यहां उन्होंने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मासूम के शव को जमीन से बाहर निकलवाया। शव को जमीन से बाहर निकलवाने के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता लक्ष्मी को अपनी मासूम बेटी के शव की पहचान करने के लिए शमशान घाट बुलवाया। शव की पहचान किए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन


शव देख लक्ष्मी बोली, मार दिया मेरे जिगर के टुकड़े को
शव की शनाख्त के लिए जब लक्ष्मी को परिजन शमशान घाट लेकर पहुंचे तो शव को देखते ही लक्ष्मी बुरी तरह से रोने लगी। यहां उसने चीख-चीख कर कहा कि मार दिया मेरे जिगर के टुकड़े को। काफी देर तक लक्ष्मी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बाद में पुलिस व वहां मौजूद अधिकारियों ने किसी तरह लक्ष्मी को घर भेजा।

पीड़िता लक्ष्मी की शिकायत पर बच्ची के पिता सहित पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है बच्ची की हत्या गला घोंटकर की गई है। असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चलेगा। वीरवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
विज्ञापन

आनंद, एसएचओ, सदर थाना झज्जर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें