छुछकवास रोड पर तलाव गांव के गोदामों के पास एक बोलेरो गाड़ी व बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर में सीआईएसएफ के जवान की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवाया।
जहां से दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार जौंधी गांव निवासी अशोक पुत्र रामफल पिछले करीब 10 साल से झाड़ली थर्मल पावर प्लांट में तैनात था और वह मंगलवार की सुबह घर से अपनी ड्यूटी के लिए बाइक पर सवार होकर झाड़ली जा रहा था। जब वह तलाव गांव के गोदामों के पास पहुंचा एक बोलेरो गाड़ी से बाइक की टक्कर हो गई।
इस हादसे में अशोक की मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मौका मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल झज्जर में भिजवाया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों व झाड़ली सीआईएसएफ दी गई।
इसके बाद मृतक के परिजन व सीआईएसएफ के अधिकारी और कर्मचारी सामान्य अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है अशोक के दो बच्चे हैं और वह करीब 10 साल से सीआईएसएफ में कार्यरत था। मृतक के परिजनों का कहना है कि वह सुबह करीब 6 बजे ड्यूटी के लिए बाइक पर सवार होकर जा रहा था, तो उस दौरान तलाव गोदाम के पास एक बोलेरो गाड़ी से बाइक की टक्कर हो गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्रवीन कुमार, जांच अधिकारी, पुलिस थाना, झज्जर।