बहादुरगढ़। दयानंद नगर में दिन दहाड़े किन्नरों के मकान में चोरी हो गई। मकान का ताला तोड़कर चोर अलमारी से लाखों रुपये के आभूषण चुराकर ले गए। अपनी करतूत को छिपाने की मंशा से चोर सीसीटीवी की डीवीआर भी साथ ले गए लेकिन पड़ोसियों के कैमरे में उनके चेहरे कैद हो गए। सेक्टर-9 चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल, शहर के दयानंद नगर की गली नंबर दो स्थित एक मकान में पिछले कुछ समय से कुछ किन्नर रह रहे हैं। रोजमर्रा की तरह बुधवार की सुबह करीब 11 बजे ये बधाई मांगने के लिए घर से निकल गए। इसी बीच चोरों ने इनके मकान को निशाना बना लिया। करीब दो बजे जब किन्नर वापस आए तो मुख्य गेट खुला देखकर दंग रह गए। अंदर गए तो सब कुछ बिखरा पड़ा था, अलमारियां खुली पड़ी थी। जांच करने पर कुछ कैश व काफी आभूषण चोरी पाए गए। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर 9 चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। एफएसएल टीम भी साक्ष्य जुटाने पहुंची। किन्नर सत्ते की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
50 मिनट में वारदात को दिया अंजाम
चोरी की वारदात को चार चोरों ने दोपहर 12:20 बजे से लेकर 01:10 बजे के बीच हुई है। चोरों ने मकान के दो कमरों में सामान को खंगाला। सत्ते के मुताबिक, इनमें से एक कमरे से सवा लाख रुपये व करीब 10 लाख के आभूषण चुराकर ले गए। तीसरे कमरे की अलमारी से भी रुपये निकालने का प्रयास किया गया है, गनीमत रही की अलमारी का लॉक नहीं खुला और उसमें रखे साढ़े तीन लाख रुपये बच गए। पहचान छिपाने के लिए चोरों ने घर में घुसते ही कैमरों के साथ छेड़छाड़ की। फिर डीवीआर निकाल ली। इसके बाद डीवीआर को भी अपने साथ ही ले गए। बेशक घर में लगे कैमरे की डीवीआर चोर ले गए लेकिन गली में एक अन्य मकान में लगे कैमरे में चोर दिखाई दे रहे हैं।
चोरी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। चोरी के सामान की सूची अभी पीड़ितों ने नहीं दी है। जांच की जा रही है। जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।
राजीव, जांच अधिकारी, सेक्टर 9 पुलिस चौकी।