झज्जर। सिकंदरपुर गांव के एक युवक द्वारा गांव में रहने वाली दूसरी बिरादरी की पानीपत निवासी युवती से प्रेम विवाह करने पर गांव में तनाव का माहौल बन गया है। मामले को लेकर पंचायत भी हो चुकी है। इसमें प्रेम विवाह से गुस्साए ग्रामीण उक्त युवक के परिवार को गांव से मिलने वाली मदद को बंद करने की बात भी कह चुके हैं।
सिकंदरपुर गांव में प्रेम विवाह करने वाले युवक की बिरादरी के करीब दस घर हैं तथा युवती से संबंध रखने वाली बिरादरी बहुल गांव है। इन्हीं लोगों की जमीन पर युवक के परिवार वाले पशु रखते हैं तथा उपले आदि बनाते हैं। गांव में तनाव के बाद कुछ लोगों ने पशुओं को वहां से हटाकर उपलों को आग लगा दी। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। वहीं पशुओं को पीड़ित परिवारों ने अपने रिश्तेदारियों में भेज दिया है।
बुजुर्ग की बिगड़ी तबियत
बुधवार को थाना परिसर में युवती से संबंध रखने वाले परिवारों द्वारा दी जा रही धमकियों से पीड़ित पक्ष के एक बुजुर्ग की तबियत भी बिगड़ गई। जिसे तुरंत झज्जर के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। जानकारी अनुसार गांव सिकंदरपुर के अति पिछड़ा वर्ग के एक युवक ने पानीपत जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग में शामिल एक जाति की लड़की से प्रेम विवाह किया है। युवक के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और युवक बहन की सुसराल पानीपत के गांव गढ़ी कलियाणा में ही रह रहा था। बताया जाता है कि इसी गांव में सिकंदरपुर गांव की अन्य लड़की भी शादीशुदा हैं और उसी गांव की युवती से युवक ने प्रेम विवाह किया है। इसके बाद से गांव सिकंदरपुर में तनाव का माहौल है।
बिटोड़े फूंकने का मामला संज्ञान में आया है। लेकिन प्रेम विवाह को लेकर इस प्रकार की घटना की जानकारी नहीं हैं क्योंकि वीरवार को ही थाने का चार्ज संभाला है। मामले की जांच करने के बाद ही कुछ कह पाएंगे।
इंस्पेेक्टर सुरेंद्र, एसएचओ, सदर थाना झज्जर।