झज्जर। नाबालिग छात्रा के साथ रास्ते में बदनीयती से अभद्र व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत भेज दिया गया। इनमें से एक आरोपी धर्मेन्द्र बाघपुर पर अलग-अलग थानों में चोरी, लूटपाट व छीनाझपटी के 7 मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार राजकीय विद्यालय में पढ़ने आने वाली छात्राओं के साथ युवक रास्ते में बदनीयती से अभद्र व्यवहार करते थे। छात्राओं ने युवकों की हरकतों के विषय में परिजनों व शिक्षकों को जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। छात्राएं अभिभावकों के साथ आरोपी युवकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार से भी मिल चुकी हैं। एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने बेरी के डीएसपी नरेश कुमार के मार्गदर्शन में चारों आरोपियों को धरदबोचा। बेरी चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि महिला उपनिरीक्षक चांदकौर की टीम ने 29 मई को एक आरोपी बाकरा निवासी रोहित को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। चौकी प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जिनमें अजय उर्फ सोकल निवासी गगनखेड़ी जिला हिसार हाल निवासी गांव बाघपुर, धीरज निवासी बेरी व धर्मेंद्र निवासी बाघपुर शामिल हैं। धर्मेंद्र पर लूट, चोरी व छीनाझपटी के सात अन्य मामले भी दर्ज हैं। तीनों आरोपियों को भी अदालत द्वारा न्यायिक हिरासत भेज दिया गया।