बादली। हत्या के मामले में जमानत पर चल रहे एक युवक की हमलावरों ने 9 गोलियां मारकर हत्या कर दी। वहीं मौजूद दो अन्य युवकों में से एक छर्रे लगने से घायल हो गया। जबकि तीसरा युवक मौके से भाग गया। इस घटना को 15 बदमाशों ने अंजाम दिया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक को भी झज्जर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी अनुसार उपमंडल के गांव खुंगाई निवासी पदम (26) पुत्र जितेंद्र मंगलवार सुबह 10 बजे अपने दो दोस्तों के साथ शेवरले क्रूज गाड़ी से निकला था। उसके साथ अमन निवासी छावनी मोहल्ला झज्जर और अजय निवासी मेरठ उत्तर प्रदेश थे। गाड़ी में सवार होकर गांव से मात्र 100 मीटर ही निकले थे कि जहांगीरपुर रोड पर सामने ही फॉर्च्यूनर, रिट्ज और सेंट्रो कार तथा बाइक पर 15 बदमाश पहले ही ताक में खड़े थे। बताया जा रहा है कि पदम ने जब अपने सामने गाड़ियों को खड़ा देखा तो वह उनके मंसूबों को भांप गया और अपनी गाड़ी को पीछे करने लगा। इसी दौरान उसकी गाड़ी सड़क किनारे खेत में पलट गई। गाड़ी पलटते ही बदमाशों ने तीनों युवकों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दी। इसी दौरान पदम गाड़ी से निकलकर खेतों के रास्ते गांव की ओर भागने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। पदम के सिर, पीठ और हाथ में 9 गोलियां लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात में अजय को गोली के छर्रे लगे और भागने कामयाब हो गया। घटना के दौरान ही तीसरा युवक अमन भी भाग गया।
10 नामजद और पांच अन्य के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने मृतक पदम की बुआ के लड़के शमशेर निवासी माता दरवाजा रोहतक की शिकायत पर 10 लोगों पर नामजद और 5 अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शमशेर ने पुलिस को बताया कि 2015 में खुंगाई निवासी नरेंद्र की हत्या हो गई थी। हत्या के मामले में पदम, विवेक और जितेंद्र जेल में बंद थे। पदम और विवेक कुछ दिनों पहले ही जमानत पर आए है जबकि जितेंद्र अभी जेल में है। इसी को देखते हुए नरेंद्र के परिवार वालों के साथ उनकी रंजिश थी। शमशेर की शिकायत पर पुलिस ने गोलू, अनिल, सोनू, अमित, बिंदु, गंगाराम, मंजू, संदीप, गुड्डू, हंसराज के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है जबकि 5 अन्य युवकों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस थाना प्रभारी रमेश चंद्र मौके पर पहुंचे। जांच के एफएसएल टीम पहुंची। रमेश चंद्र के अनुसार मामले में गांव के ही दस लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएचओ ने बताया कि अभी तक मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार हत्या का कारण गांव में पुरानी रंजिश है।
देर शाम करवाया पोस्टमार्टम
पुलिस देर शाम झज्जर के सरकारी अस्पताल में पदम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। गांव में अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस भी मौजूद रही। वहीं घायल अजय का उपचार झज्जर के अस्पताल में चल रहा है जबकि मौके से भाग उनके एक साथी अमन का अभी तक पता नहीं चल सका है।
हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। जांच के लिए मौके पर डीएसपी रणबीर सिंह पहुंचे। हत्यारों को पकड़ने में बहादुरगढ़ की सीआईए वन और टू सहित सीआईए झज्जर, थाना प्रबंधक झज्जर और सदर पुलिस थाना की टीम जुट गई है।
अशोक कुमार, एसएसपी, झज्जर।