अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। नेशनल हाईवे 71ए पर कुलाना गांव के पास एक ट्राले ने तेल टैंकर के चालक व परिचालक को टक्कर मार दी। इस हादसे में टैंकर चालक की मौत हो गई और परिचालक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद शव का पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवाया। जहां पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। वहीं ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लखीराम पुत्र सुलतान सिंह निवासी कसोला जिला रेवाड़ी ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसने एक तेल टैंकर लिया हुआ है। 18 मार्च को उसके टैंकर में रेवाड़ी रिलायंस तेल डिपो से तेल भरकर उसका चालक विशंबर दयाल पुत्र रामचंद्र निवासी भवानीपुरा जिला झुंझुनू (राजस्थान) तथा परिचालक आजाद अली पुत्र बाबूराम निवासी रावलधी जिला चरखी दादरी करनाल के लिए चले थे। रात करीब 11 बजे मेरे पास फोन आया कि उसका टैंकर कुलाना से थोड़ा आगे झज्जर की तरफ नेशनल हाईवे पर खराब हो गया है। रात करीब 12 बजे चालक विशंबर व कंडक्टर आजाद अली टैंकर के नजदीक डिवाइडर पर खड़े थे तो एक ट्राला चालक रेवाड़ी की तरफ से अपने ट्राला को तेज गति से लेकर आया और ट्राला को डिवाइडर पर चढ़ाकर दूसरे रोड को भी पार करते हुए दूसरी तरफ पेट्रोल पंप पर चला गया। इस हादसे में टैंकर चालक विशंबर ट्राले के पिछले टायरों के नीचे आ गया तथा आजाद अली ट्राला की टक्कर में साइड में जा गिरा। इस दौरान विशंबर की मौके पर ही मौत हो गई और आजाद अली घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ का फायदा उठाते हुए ट्राला चालक भाग गया। फिर एंबुलेंस से विशंबर व आजाद अली को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर विशंबर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया और आजाद अली की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। इस बारे में माछरौली पुलिस थाना के जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है।