चरखी दादरी। ढाणी फाटक ओवरब्रिज पर शनिवार सुबह एक निजी अकादमी की वैन और स्विफ्ट डिजायर में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बच्चों समेत डिजायर सवार मामा और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए ओवरब्रिज की ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो गई। सभी घायलों को उपचार के लिए समीप एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद सबको सिविल अस्पताल रेफर किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सिटी पुलिस ने तुरंत ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त कराई और क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वक्त वैन में 12 बच्चे सवार थे।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह कई गांवों से बच्चों को लेकर विजन अकादमी की वैन लौट रही थी। सुबह करीब साढ़े सात बजे जब वैन ढाणी फाटक ओवरब्रिज पर पहुंची तो सामने से आ रही एक डिजायर ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान अचानक डिजायर के सामने वैन आ गई। चालक के ब्रेक लगाने के बावजूद सामने से आ रही वैन से डिजायर सीधे टकरा गई। आमने-सामने की इस भिड़ंत में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दौरान मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। मौके पर मौजूद वाहन चालकों और राहगीरों ने दोनों वाहनों में सवार बच्चों और अन्य को संभाला। इस दौरान अकादमी की वैन में 12 बच्चे सवार थे जबकि डिजायर में चरखी दरवाजा निवासी वजीर और उसका भांजा सवार थे। इस टक्कर में अकादमी की वैन सवार बच्चों में से मालियावास निवासी वीरेंद्र (13) और सांतोर निवासी सोनू (14) को चोटें आईं जबकि डिजायर सवार वजीर और उसके भांजे वासुदेव (08) भी गंभीर रूप से चोटिल हो गए। चारों घायलों को उपचार के लिए समीप स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उन्हें सिविल अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और वहां की बाधित ट्रैफिक व्यवस्था को शुरू कराया। थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।