चरखी दादरी। दादरी-महेंद्रगढ़ रोड पर गांव घसोला नहर के समीप रोडवेज चेकिंग स्टाफ में शामिल उप-निरीक्षक को एक अधेड़ ने भरी बस में थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद बस से नीचे उतरकर भी उसने गाली-गलौज कर उप-निरीक्षक को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। अधेड़ के हमले से उप-निरीक्षक रणवीर सिंह को चोटें आईं और उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सदर पुलिस ने घायल के बयान पर पालड़ी गांव निवासी आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में रणवीर सिंह ने बताया कि वह रोडवेज विभाग में उप-निरीक्षक है। उसकी ड्यूटी चेकिंग स्टाफ में है। वीरवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे उनकी सात सदस्यीय टीम दादरी-महेंद्रगढ़ रोड पर घसोला नहर के समीप रोडवेज की बसों की चेकिंग कर रही थी। करीब दस बजे उन्होंने महेंद्रगढ़ की तरफ जा रही एक बस को रुकवा लिया और यात्रियों की टिकट की जांच करने लगे। रणवीर ने बताया कि इस दौरान एक बुजुर्ग को उन्होंने आधी टिकट लेने को कहा। इस पर बुजुर्ग ने टिकट कटवा ली। रणवीर सिंह ने बताया कि बुजुर्ग के पास आयु संबंधी प्रमाण पत्र भी नहीं था, इसलिए उसने भविष्य में बस यात्रा के समय यह दस्तावेज अपने साथ रखने की सलाह दी। इसी दौरान उक्त बुजुर्ग से तीन-चार सीट आगे बैठा एक अधेड़ उसके पहुंच गया। उक्त अधेड़ ने चेकिंग स्टाफ के काम में बाधा डालने का प्रयास किया और उन्हें भला-बुरा कहने लगा। रणवीर ने बताया कि उसने अधेड़ को सीट पर जाकर बैठने को कहा तो उसने एकाएक उसे थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद जब उन्होंने उसे बस से नीचे उतारा तो वह गाली-गलौज पर उतर आया। उप-निरीक्षक का आरोप है कि बस से नीचे उतरने के बाद अधेड़ ने उसे धक्का भी दिया। इससे वह सड़क पर गिरकर चोटिल हो गया। इसके बाद साथी कर्मचारी उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर आए जहां पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किए।
हमने घायल उप-निरीक्षक रणवीर सिंह के बयान पर पालड़ी निवासी प्रताप पर मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही पुलिस अगली कार्रवाई अमल में लाएगी। - कुलदीप सिंह, जांच अधिकारी, सदर थाना