घुड़चढ़ी में मारपीट, अश्लील हरकतें करने वाले दो आरोपी काबू
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
घुड़चढ़ी के दौरान मारपीट व छीना-झपटी के साथ महिलाओं से अश्लील हरकतें करने के दो आरोपियों को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान गांव रावलधी निवासी सचिन उर्फ रोट व कासनी निवासी नित्यानंद उर्फ नेता के रूप में हुई है। अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष ने इन पर सोने की चेन, अंगूठी व दो मोबाइल सहित जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया था। इस पर कार्रवाई करते हुए सिटी थाना पुलिस ने मास्टर फतेहगढ़, सचिन उर्फ रोट व प्रदीप रावलधी सहित अन्य पर आईपीसी की धारा 1470 1480 149, 323, 341, 354, 506, 427 व 379बी के तहत केस दर्ज किया था।
पुलिस प्रवक्ता सुरेंद्र दांगी ने बताया कि गत 23 नवंबर को वार्ड 16 निवासी अनिल कुमार ने सिटी थाना पुलिस को एक शिकायत दी थी। शिकायकर्ता ने बताया था कि उसके चचेरे भाई की घुड़चढ़ी को कुछ युवकों ने दबंगई दिखाते हुए रूकवा लिया। इन युवकों ने घुड़चढ़ी में शामिल महिलाओं से छेड़खानी की और इसका विरोध करने पर मारपीट पर उतर आए। अनिल ने बताया कि आरोपियों ने मारपीट के साथ-साथ घुड़चढ़ी में शामिल लोगों से छीना-झपटी भी की। ये लोग एक सोने की चेन, एक अंगूठी व दो मोबाइल फोन भी छीने ले गए। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने मामले को ट्रेस आउट करने के निर्देश सिटी थाना पुलिस व सीआईए टीम को दिए थे। सिटी थाना पुलिस से सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने अपनी टीम सहित दबिश देकर सचिन उर्फ रोट व नित्यानंद उर्फ नेता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अन्य आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस दोनों से गहनता से पूछताछ कर रही है।