फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो घरों में घुसे चोर, छह तोले साने और 200 ग्राम चांदी के गहनों सहित 10 हजार की नकदी भी ले गए

विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। ढाणी फौगाट गांव में दो घरों को चोर गिरोह ने अपना निशाना बनाया। चोर करीब छह तोले सोने और 200 ग्राम चांदी के गहनों सहित दोनों घरों से दस हजार की नकदी भी चुराकर ले गए। मकान मालिक की जब रात तीन बजे फोन आने पर आंख खुली तो उसे चोरी का पता चला। वहीं, इसी दौरान साथ लगते घर से भी करीब छह हजार रुपये की नकदी चोरी हुई है। पीड़ित परिवारों ने मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटनास्थल का जायजा लेने डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची है।
विज्ञापन

पुलिस को दी शिकायत में ढाणी फौगाट निवासी दिनेश ने बताया कि बुधवार रात को वह अपने बच्चों सहित मकान की पहली मंजिल पर बने कमरों में सो रहा था। उसका भाई मुनेश अपने बच्चों सहित नीचे कमरे में सो रहा था। वहीं, उसका पिता घर के बाहर ही सो रहा था। दिनेश ने बताया कि उनका मकान बाहरी क्षेत्र में है। दीवारें भी ज्यादा ऊंची नहीं है। उन्हें अंदेशा है कि चोर दीवार फांदकर अंदर आए और पूरे घर की रेकी करने के बाद ही वारदात को अंजाम दिया। दिनेश ने बताया कि चोरों ने घर में घुसकर नीचे सो रहे उसके भाई मुनेश के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद वे साथ लगते स्टोर रूम में दाखिल हुए। यहां चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली। चोरों ने बाहर से कुंडी लगाने के अलावा एक कपड़ा भी बांध दिया ताकि अचानक कोई परिवार का सदस्य उठ जाए तो गेट खोलकर बाहर न आने पाए। दिनेश ने बताया कि रात को उसके भाई की आंख खुली तो बाहर से दरवाजा बंद पाकर उसने उसे फोन किया। इसके बाद दिनेश नीचे आया और गेट खोला। इसके बाद परिजन जब स्टोर रूम में पहुंचे तो वहां अलमारी खुली देखकर हैरान रह गए। इसके बाद जब यहां रखे सामान की जांच की तो सोने की चेन, कड़े, टॉपस व अंगूठी सहित 200 ग्राम वजनी तीन जोड़ी चांदी की पाजेब और करीब चार हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना सदर पुलिस को दी। सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर इस संबंध में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया।

नलके आने पर दिनेश के चचेरे भाई ने रात तीन बजे किया फोन
दिनेश ने बताया कि वारदात का उन्हें रात तीन बजे पता चला। उसने बताया कि पेयजल सप्लाई आने पर उसके ताऊ के बेटे ने छोटे भाई मुनेश के पास फोन किया था। फोन बजने पर मुनेश उठा और बाहर आकर पानी भरने के लिए जब दरवाजा खोलने लगा तो कुंडी बाहर से बंद मिली।
विज्ञापन


पड़ोसी के घर से भी ले गए छह हजार की नकदी
दिनेश के मकान के साथ-साथ चोरों ने बलवान के घर को भी अपना निशाना बनाया। दिनेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पड़ोसी बलवान के घर की पहली मंजिल पर बने कमरे से भी चोर करीब छह हजार रुपये की नकदी निकाल ले गए।


दिनेश की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है। जल्द ही पुलिस आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लेगी। - नवीन कुमार, जांच अधिकारी, सदर थाना
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें