अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
महिलाओं की चोटी कटने की घटनाओं के बीच नींबू व हरी मिर्च की बिक्री भी जमकर हो रही है। नींबू की बिक्री का सीजन होने के बावजूद नींबू की खूब बिक्री हो रही है। वहीं, हरी मिर्च और नींबू को धागे में पिरोकर बेचने वालों का रोजगार भी पहले के मुकाबले काफी अधिक हो गया है।
दरअसल, किसी अशुभ घटना से बचने के लिए लोग अपने घर, दुकान व प्रतिष्ठान के दरवाजे में और ट्रक-टैंपो आदि वाहन के अंदर हरी मिर्च व नींबू का गुच्छा टांगते आए हैं। शनिवार के दिन तो अनेक दुकानदार यह तरीका अपनाते हैं। लेकिन आजकल महिलाओं की चोटी कटने की घटना से बचने के लिए ऐसा हो रहा है। नींबू-हरी मिर्च का गुच्छा बेचने वाले अच्छी चांदी कूट रहे हैं। चोटी कटने की घटनाएं शुरू होने से पहले इस रोजगार में कुछ ही लोग लगे थे। लेकिन जब से चोटी बचाने के लिए नींबू-हरी मिर्च का गुच्छा टांगा जाने लगा है तब से इस रोजगार में दर्जनों परिवार लग गए हैं। नींबू विक्रेता रमेश ने बताया कि शहर के मेला ग्राउंड के आसपास व लाइन पार में रहने वाले 50 से अधिक लोग ये काम कर रहे हैं। इनमें कई तो पूरे-पूूरे परिवार ही ये चीज बेचकर अच्छी कमाई कर रहे हैं। पहले एक गुच्छा 5 रुपये में बिकता था, लेकिन अब ऑफ सीजन में भी 10 रुपये का बिक रहा है। गुच्छे की बिक्री तो 20 गुणा ज्यादा बढ़ गई है।