अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
पुराना बस अड्डे के पास वीरवार को लीलू हलवाई के दुकान के सामने से करीब 3 बजे सेवानिवृत्त बिजली निगम कर्मचारी रतन सिंह के थैले से दो बाइक सवार युवकों ने 15 हजार की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। रतन सिंह ने बताया कि उसने उक्त राशि किसी को देने के लिए स्टेट बैंक ऑफ पटियाला से निकलवाई थी। पैसे देने के लिए रतन सिंह जब लीलू हलवाई की दुकान पर पहुंचा तो बैंक से ही पीछा कर रहे बाइक सवार युवकों ने बाइक कुछ दूरी पर रोक दी और एक युवक उसके पीछे लग गया जैसे ही उसने साइकिल खड़ा किया और दुकान की ओर बढ़ने का प्रयास किया तो कुछ दूरी पर खड़ा युवक चालाकी से साइकिल पर रखे नगदी वाले थैले पर हाथ साफ करके अपने साथी के साथ फरार हो गया। लुटेरों को पकड़ने के लिए कुछ युवक पीछे भी दौड़े, लेकिन देशवाल कांपलेक्स के रास्ते दोनों युवक बाइक पर सवार हो फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार उक्त पूरी घटना हलवाई के यहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसमें लुटेरे बैग उठाकर भागते नजर आ रहे हैं।
वर्जन
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। आमजन को भी बैंक से कैश लेकर जाते हुए सावधान बरतनी चाहिए। कैश को इस प्रकार से लावारिस नहीं छोड़ना चाहिए।
- सुरेंद्र, एसएचओ, झज्जर थाना।