अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। झज्जर पुलिस की एक टीम ने एटीएम बदलकर रुपये निकालने वाले गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एएसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि सीआईए बहादुरगढ़ की टीम द्वारा एटीएम कार्ड बदलकर रुपये निकालने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। सीआईए बहादुरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक विवेक के नेतृत्व सीआईए बहादुरगढ़ की टीम सांखोल गांव के एरिया में तैनात थी। टीम को सूचना मिली कि एटीएम कार्ड बदलकर भोले भाले लोगों के रुपये निकलवा कर ठगी वाले गिरोह के तीन शातिर ठग किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फ़िराक में घूम रहे हैं। तीनों एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में सवार होकर रोहतक से बहादुरगढ़ की तरफ आ रहे हैं। जिस पर टीम द्वारा रोहतक दिल्ली रोड गांव सांखोल के पास नाकाबंदी कर गाड़ी में आए तीनों आरोपियों को शक के बिना पर काबू किया गया।
-ये किए काबू
पकड़े गए युवकों की पूछताछ में पहचान अनिल निवासी कच्चा गढ़ी मोहल्ला रोहतक, संदीप निवासी खंडा खेडी जिला हिसार तथा सज्जन निवासी इंदिरा मार्केट अनाज मंडी नजफगढ़ दिल्ली के तौर पर की गई। पकड़े गए युवकों की मौका पर तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से अलग अलग 21 बैंको के 74 एटीएम कार्ड बरामद किए गए ।
-अब तक ये वारदात कबूली
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा करते हुए बताया कि वे हरियाणा में कई स्थानों पर कार्ड बदलकर एटीएम से रुपये निकालने की अनेक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने बहादुरगढ़ में भी 29 जून 2018 को एक व्यक्ति का पैसे निकलवा कर देने के बहाने उसका कार्ड बदलकर उसके खाते से 25 हजार रुपये निकलवा लिए थे। पकड़े तीनों आरोपियों से प्राथमिक पूछताछ में उपरोक्त मामले से संबंधित धोखाधड़ी करके बहादुरगढ़ से निकाले गए 25000 रुपये में से 18000 रुपये नगद आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किए गए।
-14 वारदातों को दे चुके अंजाम
उन्होंने बताया कि पकड़े गए शातिर गिरोह के तीनों आरोपियों ने पिछले 3 दिन में हरियाणा के गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद, होडल, उत्तर प्रदेश के मथुरा व दिल्ली क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर करीब 14 वारदातों को अंजाम दिया। जिनमें करीब तीन लाख रुपये आरोपियों ने अलग-अलग एटीएम से निकाले। पकड़े गए उपरोक्त शातिर गिरोह का एक आरोपी सज्जन निवासी नजफगढ़ दिल्ली पहले भी थाना शहर बहादुरगढ़ की पुलिस द्वारा एटीएम कार्ड बदल कर पैसे निकालने के मामले में पकड़ा जा चुका है। पकड़े गए उपरोक्त तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से तीनों को पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।