भिवानी से इंटरव्यू देने आई शिक्षिका घर नहीं पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी/बाढड़ा।
जिले से एक महिला और एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। इसमें एक शिक्षिका है जबकि दूसरी युवती है। मंगलवार को एक शिक्षिका भिवानी से इंटरव्यू देने झोझूकलां क्षेत्र स्थित एक स्कूल में आई थी। एएसआई देवेंद्र कुमार ने कंट्रोल रूम से आई सूचना के आधार पर उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरा मामला बाढड़ा क्षेत्र के गांव बिलावत का है। यहां सोमवार को एक युवती रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। दोनों मामलों में झोझूकलां व बाढड़ा थाना पुलिस ने गुमशुदगी के केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंटरव्यू तो दिया, घर नहीं पहुंची शिक्षिका
मंगलवार देर शाम झोझूकलां पुलिस थाने में कंट्रोल रूम से एक सूचना आई। थाना प्रभारी एएसआई देवेंद्र डबास ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि भिवानी के विद्या नगर निवासी शिक्षिका सुंदर देवी (35) पत्नी कृष्ण कुमार मंगलवार को इंटरव्यू देने झोझूकलां के एक निजी स्कूल में आई थी। इसके बाद वह घर नहीं पहुंची। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर महिला की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, अमर उजाला प्रतिनिधि से बातचीत में स्कूल प्रबंधन समिति सदस्य ने बताया कि शिक्षिका उनके स्कूल में इंटरव्यू देने तो आई थी लेकिन इसके बाद वह कहां गई इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। कृष्ण कुमार भिवानी में एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। महिला वार्डन के इंटरव्यू के लिए आई थी।
20 वर्षीय युवती भी संदिग्ध हालातों में लापता
गुमशुदगी का दूसरा मामला बाढड़ा थाना क्षेत्र का है। यहां से एक 20 वर्षीय छात्रा 12 मार्च को घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। युवती के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनकी बेटी घर से अचानक कहीं चली गई। उन्होंने उसे काफी तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इस संबंध में युवती के पिता ने बाढड़ा थाना पुलिस को शिकायत सौंपी है। पुलिस ने इस आधार पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन::
दोनों मामलों में पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं। बाढड़ा व झोझूकलां थाना पुलिस जांच कर रही है और जल्द ही इनका सुराग लगा लिया जाएगा। - सुरेंद्र दांगी, पुलिस प्रवक्ता