बिजली निगम की टीम से मारपीट के दो आरोपी काबू
चरखी दादरी।
एक जुलाई को इमलोटा गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई निगम टीम पर हमला करने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनसे पूछताछ जारी है और शुक्रवार सुबह पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर चार-पांच लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया था। इस मामले में अभी कुछ गिरफ्तारियां और होनी बाकी है।
पुलिस प्रवक्ता भूदेव जांगड़ा ने बताया कि करीब एक माह पूर्व बिजली निगम की टीम इमलोटा गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई थी। निगम टीम का कार्रवाई का कुछ ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए वापस चले जाने की बात कही थी। इस पर जब निगम अधिकारी नहीं माने और बिजली चोरी पकड़ने की कार्रवाई जारी रखी तो कुछ ग्रामीणों ने टीम पर हमला बोल दिया था। इसमें निगम का एक कर्मचारी घायल हो गया था जबकि एक अन्य कर्मचारी से हाथापाई होने की शिकायत आई थी। भूदेव जांगड़ा ने बताया कि इस पर कार्रवाई करते हुए सदर थाना एएसआई बलबीर सिंह ने इमलोटा निवासी राकेश व राजीव उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनो आरोपियों को शुक्रवार सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा।