अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
गांव खेड़ी बूरा के समीप चालक का अपहरण कर पीटने के बाद डंपर छीन लिया गया। वारदात को कार सवार पांच युवकों ने अंजाम दिया। चालक ने युवकों पर करीब सात हजार रुपये लूटने का आरोप भी लगाया है। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित चालक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। लूटपाट, अपहरण और मारपीट की यह वारदात शनिवार रात की है।
बिहार निवासी पंथकांत क्रशर से भरा डंपर लेकर शनिवार को पिचौपा क्रशर जोन से निकला था। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि वह गांव खेड़ी बूरा के समीप पहुंचा तो कुछ युवकों ने डंपर के सामने कार अड़कार उसे रोक लिया। चालक का आरोप है कि इसके बाद उन युवको ने उसे डंपर से नीचे खींच लिया और उसके हाथ-पैर बांधकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया। चालक पंथकांत ने बताया कि गाड़ी में बैठाने के बाद युवकों ने उसकी आंखों पर काली पट्टी बांध दी और उससे चलती कार में पीटा। आरोप है कि युवकों ने उससे सात हजार की नकदी थी लूट ली। पीटने के बाद युवक उसे सड़क किनारे खेतों में फेेंककर डंपर लेकर भाग गए। इसके बाद उसने मामले की सूचना डंपर मालिक को दी। डंपर मालिक सहित पीड़ित चालक सदर थाने पहुंचा और मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई करते हुए अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।